जशपुर | थाना बगीचा क्षेत्र में हुई नाबालिक बालिका से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी समीर गयार (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। मामले की रिपोर्ट पीड़िता ने स्वयं दर्ज कराई थी। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 74, 75(2) और पॉस्को एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण कुछ इस प्रकार है कि दिनांक 21 अक्टूबर 2025 की शाम, पीड़िता अपनी सहेली के साथ घर लौट रही थी। तभी पीछे से मारुति इको गाड़ी में तीन युवक, जो कि प्रार्थी से परिचित थे, आए और उन्हें गाड़ी में बैठाकर अपने घर छोड़ने का झांसा दिया। गाड़ी में कुछ दूरी तय करने के बाद पीड़िता ने गाड़ी से उतरने का प्रयास किया। तभी आरोपी समीर गयार ने पीड़िता का पीछा किया और जबरदस्ती छेड़खानी करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसके गले, होठ और सिर के पीछे चोटें आईं।
पीड़िता के लिखित आवेदन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर बेहद संवेदनशील है और अपराध में संलिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह कार्रवाई जशपुर पुलिस की त्वरित और कड़ी निगरानी का उदाहरण है, जो कि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार जारी है।



