सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | जिले में रजत जयंती वर्ष एवं राज्योत्सव 2025 के दूसरे दिन नारायणपुर के बालक शासकीय स्कूल मैदान में मल्लखंब, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। लोगों की भीड़ विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शनियों में उमड़ पड़ी। विभागीय प्रदर्शनियां राज्योत्सव को और भी आकर्षक बना रही है। जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर युवाओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। विभाग के द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पाम्पलेट, जनमन पत्रिका तथा अन्य पुस्तिकाएं वितरित की जा रही हैं।
युवा और विद्यार्थी इन योजनाओं के प्रति गहरी रुचि दिखाई और जानकारी प्राप्त की। दूसरे दिवस के सांस्कृतिक संध्या में मल्लखंब एकेडमी नारायणपुर के द्वारा बहुत आकर्षक एवं सुंदर प्रस्तुति दी गई। स्थानीय जनजातीय नृत्य की पुस्तुति गौर मार नृत्य ग्राम नयनार, तुड़बुड़ी नृत्य ग्राम बावड़ी, स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक नृत्य, आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिससे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया।
मल्लखंब एकेडमी नारायणपुर के द्वारा मंच को जीवंत कर दिया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर कलाकारों की लयबद्ध प्रस्तुति ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की मिट्टी और संस्कृति से जोड़ दिया। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की संस्कृति को जीवंत किया।
विभिन्न स्टॉलों से लेकर सांस्कृतिक मंच तक हर जगह रौनक और उत्सव का माहौल बना रहा। 25 वीं रजत जयंती के पावन अवसर पर राज्योत्सव के दूसरे दिन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथियों के द्वारा विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण किया।
छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने में शासन-प्रशासन, कलाकारों, उद्योगपतियों, किसानों, साहित्यकारों और पत्रकारों सहित सभी वर्गों ने अपने परिश्रम और समर्पण से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा यह हमारा सौभाग्य है कि आज हम सब छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती मना रहे हैं।
राज्योत्सव के इस रजत वर्ष ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ केवल एक राज्य नहीं, बल्कि मेहनत, संस्कृति और विकास की जीवंत कहानी है। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण बड़ी संख्या में आम नागरिक, पत्रकारगण उपस्थित थे।



