गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। जिले के थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम महुआ कापुटोली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2025 को आरोपी सुंदर साय (उम्र 21 वर्ष) ने अपनी मां गेंदी बाई (उम्र 60 वर्ष) के साथ झगड़े के दौरान गाली-गलौज करते हुए लात-घूसे से हमला किया था। घटना के बाद घायल गेंदी बाई को पहले सन्ना अस्पताल, फिर जशपुर जिला अस्पताल और बाद में रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें अंबिकापुर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
प्रार्थी सुलेंद्र राम, जो मृतका का रिश्ते में भतीजा है, ने थाना सन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शरीर में आई चोटें बताई गईं, जिसके बाद आरोपी बेटे सुंदर साय के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), व 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की जांच में थाना प्रभारी सन्ना उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षक अंबुज सिंह, प्रवीण खलखो व बिंदेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि— “सन्ना क्षेत्र के महुआ कापुटोली गांव में बेटे द्वारा मां की पिटाई के बाद उसकी मौत हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।”



