विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से :-
बेमेतरा | आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारी के अंतर्गत आज जिले के सभी तहसीलों — साजा, नवागढ़, बेरला एवं बेमेतरा में बूथ लेवल अधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र में निर्वाचन कार्य से जुड़े बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को गणना पत्रक (ऐनुमैरेशन शीट ) वितरित किए गए तथा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुँचकर किया निरीक्षण
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा स्वयं प्रशिक्षण स्थल पहुँचे और बीएलओ से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। हर बीएलओ की जिम्मेदारी है कि वह अपने क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुँचकर गणना पत्रक का वितरण और संकलन कार्य समयसीमा में पूरी निष्ठा से पूरा करें।
कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करना प्रत्येक बीएलओ का दायित्व है। इस कार्य में कोई भी लापरवाही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, इसलिए जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोपरि है।

डीईओ कार्यालय से निर्देश – “टीम भावना के साथ करें कार्य”
जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ सुपरवाइजर प्रतिदिन अपने क्षेत्र के कार्यों की रिपोर्टिंग करेंगे तथा अन्य बीएलओ को सहयोग प्रदान करेंगे। सभी अधिकारियों को बीएलओ एप्प के माध्यम से डेटा एंट्री और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। डीईओ बेमेतरा ने कहा कि “यह कार्य केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि नागरिक जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक कर्मचारी अपने क्षेत्र की जानकारी को सही-सही दर्ज करे ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूट न जाए और कोई अपात्र नाम शामिल न हो।”
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर दिया गया बल
प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान प्रत्येक बीएलओ को अपने क्षेत्र के नागरिकों से व्यक्तिगत संपर्क कर सत्यापन करना होगा। किसी भी कठिनाई या तकनीकी समस्या आने पर संबंधित बीएलओ आपसी सहयोग से समस्या का समाधान करें।
कलेक्टर बोले – “प्रत्येक नाम लोकतंत्र की पहचान है”
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि “मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक नाम लोकतंत्र की शक्ति और पहचान है। यह केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं बल्कि नागरिक अधिकारों को सुनिश्चित करने का माध्यम है।” उन्होंने सभी बीएलओ को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सहयोग और समन्वय से होगा कार्य सफल | जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी तहसीलदारों, जनपद सीईओ और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया है कि वे बीएलओ को सतत मार्गदर्शन देते रहें ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य जिले में समयपूर्व और सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशित यह विशेष पुनरीक्षण अभियान बेमेतरा जिले में पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और सहयोगात्मक भावना के साथ संचालित किया जा रहा है, जिससे जिले की मतदाता सूची सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।



