सी.एल.साहू
ब्यूरो चीफ, कांकेर
उत्तर बस्तर कांकेर : आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को आसान और समय की बचत करने की दिशा में ग्राम चंवाड़ निवासी किसान श्री शिव कुमार कडियाम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि यंत्रीकरण सबमिशन अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत उन्होंने कृषि ड्रोन खरीदा है, जिसके लिए उन्हें 04 लाख रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई है। नरहरपुर ब्लॉक के बासनवाही ग्राम पंचायत अंतर्गत गोंडवाना भवन, छापरपारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने हितग्राही श्री शिव कुमार कडियाम को कृषि ड्रोन प्रदान किया।
कृषि ड्रोन मिलने से श्री शिव कुमार कडियाम के लिए खेतों में कीटनाशक का छिड़काव करना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा। पहले उन्हें अपने खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने में लगभग 2 से 3 घंटे का समय लगता था, जबकि अब कृषि ड्रोन की मदद से मात्र 10 से 15 मिनट में एक एकड़ खेत में छिड़काव किया जा सकेगा। इससे समय और श्रम की बचत होगी तथा कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
शासन की कृषि यंत्रीकरण संबंधी योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराकर खेती-किसानी के कार्यों को सरल बनाना और कृषि कार्यों में लगने वाले समय एवं श्रम को कम करना है। किसान श्री शिव कुमार कडियाम के लिए कृषि ड्रोन की उपलब्धता आधुनिक तकनीक के माध्यम से खेती को सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




