अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर (बिलासपुर)। माँ महामाया की पावन नगरी रतनपुर में इस वर्ष कलचुरी (कलार) समाज द्वारा आयोजित “कलचुरी कलार महोत्सव 2025” की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 9 नवम्बर 2025 को आयोजित होने वाले इस भव्य सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
शनिवार को पुलिस वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस एस पी) बिलासपुर ने रतनपुर पहुँचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, रतनपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान ने मंच स्थल, मुख्य द्वार, पार्किंग स्थल, आगंतुकों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, वीआईपी बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा घेरे और ट्रैफिक प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया।

एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा के सभी स्तरों पर विशेष सतर्कता रखी जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए तथा ट्रैफिक रूट डायवर्जन की पूर्व तैयारी कर ली जाए ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि रतनपुर जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और वॉलंटियर ग्रुप की जिम्मेदारियाँ स्पष्ट रूप से तय की जाएं।

कलचुरी (कलार) समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष का महोत्सव समाज की एकता, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक होगा। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और सामाजिक जागरूकता पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान समाज के प्रमुख पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति इस आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाएगी।
रतनपुर में पहली बार कलचुरी कलार समाज के इस महोत्सव में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर समाजजनों में अपार उत्साह और हर्ष का माहौल है।



