गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर;-
जशपुर: छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से अनाचार करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला थाना बगीचा क्षेत्र का है, जहां 21 वर्षीय आरोपी वीरेंद्र विश्वकर्मा ने युवती को विवाह का भरोसा दिलाकर कई बार शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता (20) मूल रूप से रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र की रहने वाली है। वह 24 मई 2025 को अपने रिश्तेदार के यहां बगीचा क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी वीरेंद्र विश्वकर्मा से हुई। मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया।
पीड़िता का आरोप है कि शादी समारोह के दौरान लगातार सात दिनों तक आरोपी ने धोखे से उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ महीनों बाद जब वह चार से पांच माह की गर्भवती हो गई और आरोपी से शादी की बात कही, तो उसने साफ इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पहले थाना धर्मजयगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। बाद में जांच से पता चला कि घटना स्थल बगीचा क्षेत्र में आता है, इसलिए मामला बीएनएस की धारा 69 के तहत स्थानांतरित कर थाना बगीचा में दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जिला सरगुजा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एएसआई उमेश प्रभाकर, आरक्षक सुनील मिंज, मुकेश पांडे और नगर सैनिक विनोद कुजूर की अहम भूमिका रही।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
“महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।” — एसएसपी शशि मोहन सिंह



