गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर | सोशल मीडिया पर दोस्ती, मोबाइल पर वर्चुअल शादी और ब्लैकमेलिंग के जरिए नाबालिग से दुष्कर्म कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जशपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दिलीप चौहान (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला थाना दुलदुला क्षेत्र का है, जहां वर्ष 2021 में एक नाबालिग बालिका को बिहार निवासी आरोपी कुंदन राज ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बहाने अपने जाल में फंसाया था। आरोपी ने पहले मोबाइल पर बातचीत शुरू की और फिर वीडियो कॉल के जरिए “वर्चुअल शादी” की थी। इसके बाद उसने वीडियो कॉल के दौरान ही नाबालिग की अश्लील वीडियो बना ली।
बाद में आरोपी कुंदन राज ने उन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग को मजबूर किया कि वह उसके दोस्त दिलीप चौहान के साथ सुहागरात के नाम पर संबंध बनाए। दबाव में आकर पीड़िता से दुष्कर्म किया गया, जिसकी वीडियो कॉल के जरिए कुंदन राज ने लाइव देखी।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई:
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में भा.द.वि. की धारा 294, 506, 354(क)(ग), 376(2)(n), 509(ब) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6, 12 और आईटी एक्ट की धारा 67(b) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
- पुलिस ने वर्ष 2022 में ही आरोपी कुंदन राज को पटना (बिहार) से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
- उसका साथी दिलीप चौहान घटना के बाद से फरार था।
- जशपुर पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी — आरोपी बार-बार ठिकाने बदलता रहा और गोवा तक भाग गया, लेकिन पुलिस की टीम ने आखिरकार उसे कुनकुरी क्षेत्र से पकड़ लिया।
पीड़िता की पहचान और आरोपी का कबूलनामा:
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कराई गई, जिसमें पीड़िता ने आरोपी दिलीप चौहान को पहचान लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया —
“यह मामला अत्यंत संवेदनशील था। मोबाइल के जरिए हुई वर्चुअल शादी और ब्लैकमेलिंग के जरिये नाबालिग का शोषण किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा था और अब दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।”
टीम की भूमिका:
गिरफ्तारी में साइबर सेल निरीक्षक संत लाल आयाम, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार साहू सहित टीम के आरक्षक आनंद खलखो, अकबर चौहान, बसनाथ साहनी, अल्बर्ट कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



