विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से:-
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सीजन 15 नवंबर 2025 से पूरे प्रदेश में विधिवत रूप से प्रारंभ कर दिया गया है। जिला बेमेतरा में भी सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य सुचारु और पारदर्शी व्यवस्था के साथ शुरू हो गया है।
इसी क्रम में धान खरीदी केंद्र साजा में आज खरीदी कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसमें विधायक साजा ईश्वर साहू की विशेष उपस्थिति रही। उनके द्वारा शुभकामनाएं देते हुए कृषक अशोक कन्नौजे के 150 क्विंटल धान की खरीदी कराई गई, जिससे केंद्र में खरीदी का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा।

इसी के साथ धान खरीदी केंद्र अक्लवारा (साजा) में भी जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में खरीदी कार्य की शुरुआत हुई। जनप्रतिनिधियों ने किसानों से संवाद करते हुए सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं और सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था की जानकारी साझा की। किसानों की सुविधा, तुलाई की पारदर्शिता, सुरक्षित भंडारण व सुचारु प्रक्रिया हेतु दोनों केंद्रों में व्यवस्थाएं पूर्ण की गई हैं। जिला प्रशासन एवं समिति के कर्मचारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक किसान को समयबद्ध व निर्बाध रूप से धान बेचने की सुविधा प्राप्त हो।



