गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए जशपुर पुलिस ने जागरूकता की दिशा में एक अनोखी और प्रभावशाली पहल की है। एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “खौफ – The Digital War” नामक लघु फिल्म का निर्माण किया जा रहा है, जो पूरी तरह साइबर फ्रॉड और डिजिटल ठगी पर आधारित है। खास बात यह है कि इस फिल्म में एसएसपी शशि मोहन सिंह स्वयं एक स्कूल टीचर की भूमिका में नजर आएंगे, जो साइबर ठगी का शिकार बनता है। यह उनका मुख्य किरदार होगा।
डिजिटल ठगी पर पुलिस की नई पहल
आज के तकनीकी युग में ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट स्कैम, फर्जी बैंक कॉल, सोशल मीडिया ठगी और नकली एप्स के माध्यम से अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी खुद को सरकारी अधिकारी, पुलिस, RBI, CBI या बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को डराकर पैसे ठग लेते हैं। इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए यह फिल्म तैयार की जा रही है, ताकि आम जनता को वास्तविक उदाहरणों के जरिए जागरूक किया जा सके।
फिल्म की कहानी और उद्देश्य
लघु फिल्म में डिजिटल अपराधों के तरीके, उनसे बचाव और ठगी की वास्तविक घटनाओं को सरल भाषा में दिखाया गया है। इसमें बताया गया है कि कैसे बिना सोचे-समझे लिंक पर क्लिक करना, स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करना या भय में आकर लिया गया निर्णय व्यक्ति को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है।
फिल्म का संदेश बेहद महत्वपूर्ण है—
“डिजिटल दुनिया में जागरूकता ही सुरक्षा है।”

स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच
फिल्म का निर्माण Tek 3 Studios द्वारा किया जा रहा है। इसमें रायपुर, दुर्ग, कोरबा के कलाकारों के साथ जशपुर के स्थानीय कलाकार भी शामिल हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में बनाई जा रही यह फिल्म न केवल जागरूकता का माध्यम बनेगी, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच भी प्रदान कर रही है।
फिल्म में शामिल प्रमुख कलाकार:
एसएसपी शशि मोहन सिंह, आरवी सिन्हा, दीपा महंत, राम प्रकाश पांडेय, ऋभु समर्थ सिंह, कुंदन सिंह, प्रवीण अग्रवाल, विजय सिंह राजपूत, अंकित पांडे, आकर्ष, मनिषा, वंशिका गुप्ता आदि।
फिल्म की कहानी शशि मोहन सिंह ने लिखी है, स्क्रीनप्ले तोरण राजपूत ने तैयार किया है और संवाद घनश्याम ने लिखे हैं। DOP अनुज कुमार तथा मेकअप आर्टिस्ट वर्षा सोनी टीम का हिस्सा हैं।
एसएसपी ने क्या कहा?
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया—
“जशपुर पुलिस साइबर फ्रॉड के मामलों में लगातार कानूनी कार्रवाई कर रही है। लोगों को जागरूक करना हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह लघु फिल्म बनाई जा रही है और इसमें स्थानीय कलाकारों को विशेष रूप से मौका दिया गया है।”
यह लघु फिल्म जल्द ही जनता के लिए जारी की जाएगी और डिजिटल अपराधों के खिलाफ एक मजबूत जागरूकता अभियान की शुरुआत करेगी।



