गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर : जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के बहाने युवती को फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती को धमकाकर झारखंड ले गया था और बातचीत बंद करने पर उसके नाम से फेक आईडी बनाकर वीडियो वायरल कर दिया।
कैसे सामने आया मामला
28 नवंबर 2025 को 23 वर्षीय युवती ने थाना बागबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2021 में फेसबुक पर आरोपी विकास नोनिया की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई और नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान आरोपी ने वीडियो कॉल पर उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
धमकी देकर रायपुर बुलाया और झारखंड ले गया
26 फरवरी 2024 को आरोपी ने युवती को रायपुर मिलने बुलाया और नहीं आने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण युवती रायपुर पहुंची, जहां से आरोपी उसे बस में बैठाकर झारखंड स्थित अपने घर ले गया। युवती तीन दिन तक वहीं रही। बाद में बहाना बनाकर वह वापस अपने घर आ गई।
फेक आईडी बनाकर वीडियो वायरल किया
घर आने के बाद जब युवती ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी, तो आरोपी ने उसके नाम से फेक आईडी बनाकर अश्लील वीडियो युवती के परिजनों और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना बागबहार में धारा 354(घ), 509(ख) और बीएनएस की धारा 78, 79 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि आरोपी युवती से मिलने पत्थलगांव आया है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे वहीं से पकड़ लिया।
आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी — विकास नोनिया, उम्र 22 वर्ष
आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
रामप्रसाद साहू, एएसआई हरि शंकर राम, आरक्षक रमेश पैंकरा एवं पीहर साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



