गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जिले में गुम नाबालिक बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिछले 15 दिनों के भीतर पुलिस ने प्रदेश और प्रदेश के बाहर से कुल 06 गुम नाबालिक बच्चियों को खोजकर सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सिटी कोतवाली जशपुर, दुलदुला, आरा, पंडरापाठ और सोनक्यारी थानों में दर्ज गुम इंसान के मामलों पर विशेष टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस ने तकनीकी टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से इन बच्चियों का लोकेशन ट्रेस कर त्वरित कार्रवाई की।
कई बच्चियाँ नाराज होकर रिश्तेदारों के घर चली गई थीं, जबकि दो मामलों में आरोपियों द्वारा शादी का झांसा देकर बच्चियों को भगा ले जाने की जानकारी सामने आई। दुलदुला और पंडरापाठ मामलों के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सबसे चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन सोनक्यारी क्षेत्र का रहा, जहाँ एक 14 वर्षीय बालिका को हैदराबाद, तेलंगाना से बरामद कर वापस जशपुर लाया गया। बच्ची अपने दीदी-जीजा से मिलने बिना बताए घर से निकल गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान लगातार जारी है और गुम बच्चों के मामलों में जशपुर पुलिस संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से कार्रवाई कर रही है।



