गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर : जशपुर पुलिस ने अवैध धान परिवहन पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से छत्तीसगढ़ ला रहे 06 पिकअप वाहनों से 152 क्विंटल धान (380 बोरी) पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए धान की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 49 हजार 600 रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत की गई।
पुलिस को देर रात मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम जरिया के सिकटा टोली मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान 06 संदिग्ध पिकअप वाहन आते दिखे, जिन्हें रोककर जांच की गई। तलाशी में सभी वाहनों में धान की भारी खेप लोड पाई गई, जिसके कोई वैध दस्तावेज चालक प्रस्तुत नहीं कर सके।
पकड़े गए वाहन क्रमशः—
JH 07-M-1257, CG 13-AV-3667, JH 01-FP-6134, JH 07-L-6611, JH 01-FF-3141, CG 13-AN-1262
इन वाहनों में क्रमशः 70, 65, 60, 57, 65 और 63 बोरी धान लोड मिला।
वाहन चालकों के नाम—
- दिनेश साय (23 वर्ष)
- विजय प्रजापति (28 वर्ष)
- रूपेश कुमार (25 वर्ष)
- राकेश राम (31 वर्ष)
- सोनू कुमार (21 वर्ष)
- दिनेश भगत (23 वर्ष)
पूछताछ में सभी चालकों ने बताया कि धान झारखंड के ग्राम जारी से जशपुर लाया जा रहा था। पुलिस द्वारा धान व वाहनों को अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।
जशपुर पुलिस अब तक 20 वाहनों से कुल 1084 क्विंटल अवैध धान जप्त कर प्रशासन को सौंप चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध धान आमद पर जशपुर पुलिस की सक्रिय निगरानी जारी है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार होती रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, आरक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह, रामप्रताप यादव, राजकेश्वर सिंह, रवि राम, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख एवं रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



