राजनांदगांव। शहर के स्टेशन पारा और गौरीनगर में बन रहे अंडरब्रिज का काम अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। दोनों स्थानों पर कंक्रीट बॉक्स को रेलवे ट्रैक के नीचे धकेलने (बॉक्स पुशिंग) का काम 9 मीटर तक पूरा हो चुका है। मशीनों के साथ दोनों जगह 40-40 मजदूर लगातार काम में जुटे हैं।
रोज़ महज 1-2 फीट की प्रगति
बारिश, मिट्टी धंसने, ठोस मटेरियल आने और तकनीकी बाधाओं के कारण एक दिन में बॉक्स सिर्फ 1 से 2 फीट ही आगे बढ़ पा रहा है। पुशिंग का यह काम 30 दिसंबर तक चलेगा। रेलवे इंजीनियरों ने तय समय में काम पूरा करने का दावा किया है।
अभी कितना बाकी
स्टेशन पारा अंडरब्रिज में 39 मीटर और गौरीनगर में 42 मीटर पुशिंग करनी है। इंजीनियरों के मुताबिक अगले 36 दिनों में बॉक्स पुशिंग पूरी कर ली जाएगी। स्टेशन पारा में अंडरब्रिज के पास ओवरब्रिज की नींव होने से वहां काम और चुनौतीपूर्ण है। गौरीनगर में बॉक्स को तय लंबाई तक जमीन के नीचे पहुंचाने का काम जारी है। पुशिंग के दौरान अलाइनमेंट का खास ध्यान रखा जा रहा है, ताकि ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित न हो। निर्माण की निगरानी जिला प्रशासन और रेलवे दोनों कर रहे हैं।
कब तक तैयार होगा अंडरब्रिज
दिसंबर तक बॉक्स पुशिंग के बाद जनवरी-फरवरी में शेष निर्माण कार्य होंगे। मार्च तक काम पूरा होने और अप्रैल में अंडरब्रिज से आवाजाही शुरू होने की संभावना है।
ममता नगर में जाम से जूझ रहे लोग
ममता नगर अंडरब्रिज और क्रॉसिंग पर बॉक्स पुशिंग के चलते ओवरब्रिज से चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद है। पटरीपार जाने के लिए लोग ममता नगर अंडरब्रिज या दूसरी ओर गौरीनगर रेलवे क्रॉसिंग का सहारा ले रहे हैं। खैरागढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को नेशनल हाईवे से इंदामरा और सोमनी की ओर डायवर्ट किया गया है।
गौरीनगर क्रॉसिंग पर ट्रेनों के गुजरने के दौरान जाम की स्थिति बन रही है, वहीं ममता नगर अंडरब्रिज में भी अक्सर जाम लगता है। यात्री बसें और स्कूल बसें जाम में फंस जाती हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।







