अमित दुबे की रिपोर्ट:-
बिलासपुर। शहर में छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ द्वारा भव्य पत्रकार महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक वरिष्ठ व युवा पत्रकारों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना तथा समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों का सम्मान करना रहा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार नवल वर्मा को उनके उत्कृष्ट पत्रकारिता कार्य, सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रिपोर्टिंग एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके सम्मान से कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित पत्रकारों में उत्साह और गौरव की अनुभूति देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष श्री सिद्धांशु मिश्रा रहे।
मिश्रा जी ने अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ है। लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वे न केवल शासन और प्रशासन को आईना दिखाते हैं, बल्कि आम जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाते हैं।”
उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकार अनेक चुनौतियों के बीच सत्य और जनहित की पत्रकारिता कर रहे हैं, जो प्रशंसा के योग्य है।श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के बिना स्वस्थ लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने पत्रकारों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में निरंतर सजग और सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के पदाधिकारियों ने महासंघ की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान को लेकर एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं पत्रकार साथियों ने नवल वर्मा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद, विचार-विमर्श और पत्रकारिता को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।



