अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। दिनांक 21 दिसंबर 2025, रविवार को छत्तीसगढ़ सरयूपारिण ब्राम्हण महासभा के युवा प्रभाग रतनपुर का चुनाव नगर के पावन स्थल राधा–माधव धाम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के सभी सदस्य एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से हुए चुनाव में पंकज शर्मा जी को युवा प्रभाग का अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष चुने जाने से पूरे युवा प्रभाग में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चुनाव बैठक में ब्राम्हण समाज रतनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदरणीय दिव्यकांत शर्मा , पूर्व अध्यक्ष बलराम पांडेय , अश्विनी दुबे , अमित दुबे , विद्याशंकर दुबे , अभिलाष मिश्रा , राघवेन्द्र दुबे जी, विकल्प दुबे , सुधीर दुबे , उमेश तिवारी , वतन दुबे , अनुप पाठक जी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं युवा उपस्थित रहे।

अध्यक्ष पद ग्रहण करते ही पंकज शर्मा जी ने युवा प्रभाग को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कार्यकारिणी विस्तार का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि रतनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी, ताकि समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा मिल सके।

अपने संबोधन में शर्मा ने कहा, “समाज हमारा परिवार होता है। यही वह मंच है जहां हमारी छोटी–छोटी गलतियों को सुधार कर हमें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जाता है। समाज हमारी नींव है और इस नींव को मजबूत करने का दायित्व युवाओं के कंधों पर है। यदि युवा आगे आएंगे तो समाज स्वतः प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।”
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि समाजहित के लिए किए जाने वाले प्रत्येक रचनात्मक कार्य में वे युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेंगे।
बैठक के अंत में उपस्थित वरिष्ठजनों ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवा प्रभाग समाजसेवा, संगठन विस्तार और सामाजिक एकता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।



