गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जशपुर पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। ये मामले चौकी दोकड़ा और थाना आस्ता क्षेत्र के हैं। दोनों ही मामलों में पीड़ित नाबालिग बालिकाएं गर्भवती पाई गईं, जिनका इलाज कराए जाने पर परिजनों को घटनाओं की जानकारी मिली।
पहला मामला – चौकी दोकड़ा:
चौकी दोकड़ा क्षेत्र की एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा गर्भवती पाई गई थी। इलाज के दौरान 24 नवंबर 2025 को रायपुर के एक अस्पताल में उसने एक बच्ची को जन्म दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी लक्ष्मण राम (19 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर अलग-अलग समय पर दैहिक शोषण किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। जशपुर पुलिस ने तकनीकी टीम और मुखबिर की मदद से उसे पुणे (महाराष्ट्र) के ग्राम बडगांव मावल से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1) तथा 4, 6 पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया।
दूसरा मामला – थाना आस्ता:
थाना आस्ता क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में जांच के दौरान गर्भवती होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में उसने बताया कि आरोपी संजीत टोप्पो (19 वर्ष) ने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देते हुए दैहिक शोषण किया। आरोपी घटना के बाद फरार था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता से उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी पर बीएनएस की धारा 64(2)(m) तथा 5, 6 पॉस्को एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
पुलिस का बयान:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इन मामलों में पुलिस टीमों, चौकी व थाना प्रभारियों तथा साइबर सेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



