अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। क्रिसमस एवं नववर्ष 2025 के मद्देनज़र शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रतनपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे ने थाना परिसर में क्षेत्र के होटल, लॉज, ढाबा एवं रिसॉर्ट संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रतिष्ठान परिसर में शराब पीने अथवा पिलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम सहित अन्य क़ानूनी प्रावधानों के तहत सख़्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर उसकी पूरी ज़िम्मेदारी प्रतिष्ठान संचालक की होगी।
पुलिस ने निर्देश दिए कि सभी होटल, लॉज एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में बीट प्रभारी एवं संबंधित पुलिस कर्मचारियों के संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किए जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की पार्टी, कार्यक्रम या विशेष आयोजन के लिए थाना रतनपुर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति आयोजन पाए जाने पर कार्यक्रम तत्काल निरस्त कर आयोजकों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
त्योहारी सीज़न को देखते हुए क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग, रात्रिकालीन गश्त एवं औचक जांच की जाएगी। पुलिस ने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर बिना किसी पूर्व चेतावनी के सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
रतनपुर पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।



