अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर | बिलासपुर थाना रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, वहीं नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 31 दिसंबर 2025 को पीड़िता की माता द्वारा थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 29 दिसंबर 2025 को उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में आरोपी एवं नाबालिग की पतासाजी हेतु विशेष टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि नाबालिग बालिका पाली, जिला कोरबा में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पाली रवाना हुई, जहाँ से आरोपी सुमीत कुमार यादव, पिता राजकुमार यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी दोनासागर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के कब्जे से नाबालिग बालिका को बरामद किया गया।
पीड़िता से पूछताछ के दौरान उसने आरोपी द्वारा जबरन भगाकर ले जाना एवं उसके साथ जबरदस्ती करने की बात बताई। पीड़िता के कथन एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, सउनि दिनेश तिवारी, आरक्षक पवन ठाकुर एवं महिला आरक्षक अनिषा कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।



