कवर्धा: जिले के किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर ज़िला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज कलेक्टर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन किसानों का धान नहीं बिकने, टोकन नहीं कटने तथा जबरन रक़बा समर्पण कराए जाने के विरोध में किया गया।
ज़िला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही और अव्यवस्था के कारण किसान लगातार परेशान हैं। धान खरीदी केंद्रों में टोकन नहीं कटने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं रक़बा समर्पण के नाम पर किसानों पर दबाव बनाया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही धान खरीदी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया और किसानों को राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज़ करेगी। प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों की मांगों से अवगत कराया।



