गणेश भोय ब्यूरो चीफ;-
रायगढ़, 1 फरवरी। रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर, जूटमिल एवं साइबर थाना की संयुक्त टीमों ने अलग–अलग दो कार्रवाइयों में पिता–पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
चक्रधरनगर थाना की कार्रवाई
थाना चक्रधरनगर व साइबर थाना की टीम ने सिंधी कॉलोनी (पक्की खोली) में दबिश देकर सुरेश माखिजा और उसके बेटे गिरीश माखिजा को गिरफ्तार किया। पुलिस के पहुंचने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद था। भीतर प्रवेश करने पर सुरेश माखिजा मिला, जबकि बाथरूम से जलने की बदबू आने पर जांच में गिरीश माखिजा को साक्ष्य नष्ट करते हुए पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे घर से ही व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। सट्टे की राशि यूपीआई के जरिए अपने बैंक खातों में मंगाई जाती थी और जीत की रकम भी ऑनलाइन वापस की जाती थी। पुलिस ने उनके कब्जे से वीवो कंपनी के दो 5जी मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी व्हाट्सएप चैट और फोटो गैलरी में सट्टा पट्टी के पुख्ता सबूत मिले हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 06(क), 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी की गई है। मामले में लेन–देन की ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच जारी है।

जूटमिल थाना की कार्रवाई
वहीं जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजीव गांधी नगर में छापेमारी कर प्रमोद वारे को रंगे हाथ सट्टा पट्टी लिखते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सट्टा लिखे कागज, पोको कंपनी का मोबाइल, नकद 3,580 रुपये एवं एक डॉट पेन जब्त किया गया। मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की पुष्टि हुई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 06(क), 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

गिरफ्तार आरोपी
- सुरेश माखिजा (65 वर्ष)
- गिरीश माखिजा (34 वर्ष) – दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 22, पक्की खोली सिंधी कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर
- प्रमोद वारे (26 वर्ष) निवासी राजीव गांधी नगर, थाना जूटमिल
जप्ती
- 3 मोबाइल फोन
- नकद ₹3,580
- ऑनलाइन सट्टा से संबंधित स्क्रीनशॉट व सट्टा पट्टियां
इस कार्रवाई में जूटमिल, चक्रधरनगर और साइबर थाना की पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




