हरेन्द्र विश्वकर्मा की खबर :-
पंडरिया। पंडरिया वनांचल क्षेत्र के ग्राम सराईसेत में पंचकुंडी साप्ताहिक महायज्ञ का भव्य शुभारंभ वैदिक विधि-विधान, मंत्रोच्चारण एवं हवन-पूजन के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष ललित धुर्वे विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने महायज्ञ में सहभागिता करते हुए आहुतियां अर्पित कीं।
महायज्ञ के शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु, ग्रामवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर दिनभर भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष ललित धुर्वे ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि पंचकुंडी साप्ताहिक महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन हवन, पूजन एवं विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महायज्ञ के समापन अवसर पर पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।



