अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर | वन विभाग के एक क्षेत्र रक्षक के साथ शासकीय कर्तव्य के दौरान मारपीट और अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी कृपानंद जांगड़े, पिता लखन जांगड़े, उम्र 34 वर्ष, जो कि वन क्षेत्र रक्षक के पद पर पदस्थ हैं, वन परियोजना परिक्षेत्र भैंसाझार में गश्त पर थे।
गश्त के दौरान बीच रास्ते में एक कार खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध किए हुए चार अज्ञात व्यक्ति शराब पीते हुए मिले। जब क्षेत्र रक्षक ने उन्हें रास्ते से वाहन हटाने को कहा, तो आरोपियों ने “बहुत बड़ा पुलिस बनता है” जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली। इसके बाद सभी आरोपियों ने शराब के नशे में हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी, जिससे क्षेत्र रक्षक को चोटें आईं।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 86/26 के तहत धारा 296, 126(2), 121(1), 132, 351(2), 3, 5 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में—
लक्ष्मण यादव, पिता बीरबल यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी मौहारखार, थाना कोटा
राजा यादव, पिता रामरतन यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम दूरपा, थाना बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा
शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि शासकीय सेवकों के साथ इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



