गणेश भोय ब्यूरो चीफ ;-
रायगढ़, 6 फरवरी। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर 48 घंटे का विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमें एकसाथ तैनात की गईं, जिससे 214 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेजा गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान राज्य के अन्य जिलों और राज्य की सीमाओं के बाहर भी लगातार तलाश कर वारंटियों को पकड़कर रायगढ़ लाया। इस अभियान का उद्देश्य स्पष्ट था कि कोई भी आरोपी या वारंटी कानून से बच नहीं सकता, और पुलिस ने इस संदेश को जोरदार तरीके से दिया।
अभियान में सबसे अधिक सफलता तमनार पुलिस को मिली, जिन्होंने 26 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। विशेष रूप से वर्ष 2004 के मारपीट और चोरी प्रकरण में लंबे समय से फरार रहे साधुराम राठिया को 22 साल बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपी पंजाब में छिपा हुआ था और हाल ही में गांव लौटने की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उसे दबोच लिया|

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “कोई भी आरोपी या वारंटी अपराध कर छिप नहीं सकता। रायगढ़ पुलिस फरार आरोपियों के विरुद्ध इसी तरह कठोर कार्रवाई करती रहेगी।”
थाना एवं चौकीवार तामील की सूची (मुख्य उपलब्धियां):
- तमनार – 26 स्थायी, 2 गिरफ्तारी
- लैलूंगा – 15 स्थायी, 12 गिरफ्तारी
- कोतवाली – 11 स्थायी, 6 गिरफ्तारी
- चक्रधरनगर – 10 स्थायी, 14 गिरफ्तारी
- खरसिया – 10 स्थायी, 7 गिरफ्तारी
- पुसौर – 8 स्थायी, 11 गिरफ्तारी
- पूंजीपथरा – 5 स्थायी, 11 गिरफ्तारी
- छाल – 4 स्थायी, 11 गिरफ्तारी
- कोतरारोड – 4 स्थायी, 3 गिरफ्तारी
- भूपदेवपुर – 4 स्थायी, 2 गिरफ्तारी
- जूटमिल – 2 स्थायी, 14 गिरफ्तारी
- कापू – 4 स्थायी
- धरमजयगढ़ – 1 स्थायी
- घरघोड़ा – 3 स्थायी
- चौकी रैरूमाखुर्द – 2 स्थायी, 3 गिरफ्तारी
- चौकी खरसिया – 4 स्थायी, 6 गिरफ्तारी
इस अभियान से जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के लिए कड़ा संदेश गया है कि पुलिस किसी को भी बख्शेगी नहीं और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।



