अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। नगर रतनपुर में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कर्मचारी पर सरकारी पद का दुरुपयोग कर अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने पहले अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए कब्जा कर आलीशान मकान का निर्माण कराया और अब उसी क्रम में आवास पारा क्षेत्र में लगभग 100 बाय 300 फीट वन भूमि पर मुरुम व मिट्टी डलवाकर अवैध कब्जा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह भूमि वन विभाग के अंतर्गत आती है, जिस पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण या भराव कार्य नियमों के विरुद्ध है। बावजूद इसके, खुलेआम भारी मात्रा में मिट्टी और मुरुम डलवाकर भूमि को समतल किया जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन को भी नुकसान पहुँचने की आशंका जताई जा रही है।

इतना ही नहीं, आरोपों में यह भी सामने आया है कि संबंधित PWD कर्मचारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से अपने निजी मकान के निर्माण कार्य में जबरन कार्य करवा रहा है। विभागीय कर्मचारियों से निजी कार्य कराना न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह शासकीय आचरण नियमों के भी प्रतिकूल है।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो सरकारी भूमि पर कब्जे और पद के दुरुपयोग की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलेगा।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, इस मामले की शिकायत शीघ्र ही उच्च अधिकारियों एवं संबंधित विभागों से की जाएगी, जिसमें वन विभाग, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिला प्रशासन शामिल होंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण पर क्या रुख अपनाता है और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।



