अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर/चपोरा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने एवं विद्यालय तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चपोरा में सरस्वती निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम उत्साह और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय मनोहर सिंह राज रहे, जबकि अध्यक्षता दीपमाला आरसे ने की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा मंडल पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य राजेश खांडे के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर शिक्षिका भारती शर्मा, महेश्वरी मैडम, ऋतु मैडम, सुमन कश्यप, मीना जगत सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय चपोरा तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चपोरा के शिक्षकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामयी बना दिया।

मुख्य अतिथि माननीय श्री मनोहर सिंह राज ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती निःशुल्क साइकिल योजना बालिकाओं की शिक्षा में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही है। इससे न केवल छात्राओं की विद्यालय तक पहुंच आसान हुई है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियाँ शिक्षा के बल पर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपने परिवार व समाज का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के चेहरों पर झलकती खुशी ने योजना की सफलता और सार्थकता को स्वयं प्रमाणित कर दिया। उपस्थित जनसमूह ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



