अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रतनपुर थाना परिसर में क्षेत्र के सभी कोटवारों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक कोटवार से व्यक्तिगत (वन-टू-वन) संवाद कर उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों को विस्तार से समझाया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब पुलिस और कोटवार मिलकर एक मजबूत सूचना तंत्र के रूप में कार्य करेंगे। गांवों में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर कोटवार सतर्क निगरानी रखेंगे और समय रहते पुलिस को सूचना देंगे, ताकि किसी भी संभावित घटना को घटित होने से पहले ही रोका जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोटवारों की सक्रिय भागीदारी से प्रिवेंटिव पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे असामाजिक गतिविधियों, विवादों और अपराधों पर समय रहते नियंत्रण संभव होगा।
बैठक के दौरान कोटवारों को गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने तथा पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। कोटवारों ने भी पुलिस के साथ मिलकर पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



