गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर | पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के मीटिंग हॉल में आज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की विवेचना को अधिक प्रभावी, विधिसम्मत एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में विवेचना की बारीकियों, विधिक प्रावधानों, जप्ती एवं सैंपलिंग की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश जशपुर शैलेन्द्र पटवर्धन, डिप्टी डायरेक्टर (अभियोजन) सुरेश कुमार साहू, सहायक निदेशक अभियोजन विपिन्न कुमार तथा सहायक जिला अभियोजन अधिकारी विवेक शर्मा द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों व विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की जांच एवं विवेचना के दौरान अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रियाओं, साक्ष्य संकलन एवं न्यायिक दृष्टिकोण से आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे मामलों को मजबूत बनाकर अपराधियों को सजा दिलाई जा सके।

इस दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई पर जोर देते हुए एनडीपीएस प्रकरणों में विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि जांच के दौरान जिला अभियोजन विभाग से आवश्यक सलाह लेकर कार्य करें, ताकि नशे के सौदागरों के खिलाफ माननीय न्यायालय में मजबूत पक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश शैलेश पटवर्धन ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में सूक्ष्म एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विवेचना के दौरान संपूर्ण तथ्यों की स्पष्ट एवं विधिवत लेखबद्धता के संबंध में मार्गदर्शन दिया। वहीं डिप्टी डायरेक्टर (अभियोजन) सुरेश कुमार साहू एवं अन्य अभियोजन अधिकारियों द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 एवं 57 के प्रावधानों के पालन, जप्त मादक पदार्थों की सुरक्षित अभिरक्षा, फोरेंसिक लैब में परीक्षण, चेन ऑफ कस्टडी तथा एक से अधिक आरोपियों की स्थिति में की जाने वाली कानूनी कार्यवाहियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, डीएसपी अजाक एवं क्राइम भावेश कुमार समरथ सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, रीडर (एसपी) मुकेश कुमार झा उपस्थित रहे। साथ ही वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी विवेचकों ने भी कार्यशाला में सहभागिता की।



