गणेश भोय ब्यूरो चीफ:-
जशपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आज दिनांक 08.02.26 को एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की विवेचना को अधिक प्रभावी, विधिसम्मत एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट से संबंधित विधिक प्रावधानों, साक्ष्य संकलन, जप्ती, सैंपलिंग एवं विवेचना की बारीकियों पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश जशपुर शैलेन्द्र पटवर्धन, डिप्टी डायरेक्टर (अभियोजन) सुरेश कुमार साहू, सहायक निदेशक अभियोजन विपिन्न कुमार तथा सहायक जिला अभियोजन अधिकारी विवेक शर्मा द्वारा एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जांच के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं एवं न्यायिक दृष्टिकोण से साक्ष्य संकलन पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों व विवेचकों को नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने तथा एनडीपीएस मामलों में अभियोजन विभाग से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे नशे के सौदागरों के खिलाफ न्यायालय में मजबूत पक्ष रखा जा सके।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश शैलेश पटवर्धन ने एनडीपीएस प्रकरणों में सूक्ष्म एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के महत्व, विवेचना के दौरान तथ्यों की स्पष्ट व विधिवत लेखबद्धता पर विशेष जोर दिया। वहीं अभियोजन अधिकारियों द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 एवं 57 के प्रावधानों का पालन, जप्त मादक पदार्थों की सुरक्षित अभिरक्षा, फोरेंसिक लैब परीक्षण, चेन ऑफ कस्टडी तथा एक से अधिक आरोपियों की स्थिति में की जाने वाली कानूनी कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, डीएसपी अजाक एवं क्राइम भावेश कुमार समरथ सहित समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, रीडर (एसपी) मुकेश कुमार झा उपस्थित रहे। साथ ही वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी विवेचकों ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया।



