अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर/बिलासपुर धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व से समृद्ध नगरी रतनपुर एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिमय वातावरण से सराबोर होने जा रही है। नगर के प्रसिद्ध बैराग वन स्थित अन्नपूर्णा धाम मंदिर में मां अन्नपूर्णा, भगवान शिव एवं पीताम्बरा देवी की प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर 18 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक पाँच दिवसीय यज्ञ एवं कथा-प्रवचन महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
यह संपूर्ण आयोजन वैदिक परंपराओं, मंत्रोच्चार, विधि-विधान और आस्था के वातावरण में संपन्न होगा, जिसमें रतनपुर सहित आसपास के ग्रामीण व शहरी अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का सशक्त संदेश दिया जाएगा।

महोत्सव का शुभारंभ 18 फरवरी को मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। इस कलश यात्रा में माताएं-बहनें एवं श्रद्धालु भक्त पारंपरिक वेशभूषा में नगर भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंचेंगे, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
19 फरवरी को वैदिक आचार्यों द्वारा पूजन एवं यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
20 फरवरी को शुभ मुहूर्त में मां अन्नपूर्णा, भगवान शिव एवं पीताम्बरा देवी की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।इसके पश्चात 21 फरवरी को विशेष अभिषेक पूजन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तजन देव विग्रहों का अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। वहीं 22 फरवरी को यज्ञ की पूर्णाहुति, कन्या भोज, ब्राह्मण भोज एवं साधु-संतों के भंडारे के साथ इस भव्य धार्मिक महोत्सव का समापन किया जाएगा।
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक पूजन एवं यज्ञ, तथा दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक कथा-प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।

कथा-प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, जीवन मूल्य और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त होगा। आयोजक मंडल एवं बैराग वन अन्नपूर्णा धाम मंदिर समिति ने नगरवासियों एवं समस्त क्षेत्रीय श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन आयोजन को सफल बनाएं और पुण्य लाभ अर्जित करें। यह आयोजन समस्त नगरवासी भक्तजनों के सहयोग एवं मंदिर समिति के तत्वावधान में संपन्न होगा।



