गणेश भोय ब्यूरो चीफ
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। होटल संचालिका से किराये के नाम पर ट्रेलर वाहन लेकर आरोपियों ने उसका डाला बेच दिया और इंजन बेचने की तैयारी में थे। घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला थाना घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर निवासी 48 वर्षीय मीना चौहान से जुड़ा है, जो अपने बेटों के साथ घरघोड़ा–धरमजयगढ़ मार्ग पर होटल का संचालन करती हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में रायगढ़ निवासी अकबर खान से 16 लाख रुपये में पुराना ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-13-LA-4176 खरीदा था, जिसे टाटा फाइनेंस से फाइनेंस कराया गया था। बीमा एवं दस्तावेज लंबित होने के कारण वाहन होटल के सामने खड़ा था।
इसी दौरान परमेश्वर चौहान, जो ट्रांसपोर्ट कंपनियों में सुपरवाइजर का कार्य करता था, ने वाहन के बारे में पूछताछ कर दस्तावेज बनवाने और प्रतिमाह 85 हजार रुपये किराया देने का झांसा दिया। 20 जनवरी 2026 को वह अपने साथी लीलाम्बर प्रसाद चौहान के साथ होटल पहुंचा और ट्रेलर चलाकर ले गया, यह कहकर कि कुछ दिन बाद लिखापढ़ी की जाएगी।
कुछ दिनों बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। संदेह होने पर ट्रेलर में लगे जीपीएस के माध्यम से लोकेशन ट्रैक की गई, जिससे वाहन कुंजारा, लैलूंगा क्षेत्र में मिला। 5 फरवरी को मौके पर पहुंचने पर केवल ट्रेलर का इंजन खड़ा मिला, जबकि डाला गायब था।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 316(2), 316(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि ट्रेलर का डाला 22 जनवरी 2026 को बिलासपुर में बेच दिया गया था और इंजन बेचने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रेलर का इंजन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में
(1) परमेश्वर चौहान (45 वर्ष) निवासी ग्राम बैस्कीमुड़ा, थाना लैलूंगा
(2) लीलाम्बर प्रसाद चौहान (36 वर्ष) निवासी ग्राम खेडआमा, थाना लैलूंगा शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल एवं उद्धोराम पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में धोखाधड़ी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विश्वास में लेकर संपत्ति हड़पने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



