गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़, 10 फरवरी। जिले में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाई साइलेंसर और हैवी हार्न के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने व्यापक और सख्त अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी मयंक मिश्रा एवं यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह द्वारा सटीक कार्ययोजना तैयार कर अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
गैरेज संचालकों की अहम बैठक
अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार शाम सीएसपी मयंक मिश्रा ने पुलिस कार्यालय में स्थानीय गैरेज संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में छत्तीसगढ़ पुलिस के “सशक्त ऐप” की जानकारी देते हुए बताया गया कि गैरेज में आने वाले वाहनों में चोरी के वाहन भी हो सकते हैं, जिनकी पहचान इस ऐप के माध्यम से आसानी से की जा सकती है।
सभी गैरेज संचालकों के मोबाइल में सशक्त ऐप इंस्टॉल कराया गया तथा इसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। चोरी वाहन की सूचना देने वाले पुलिस मित्रों को रायगढ़ पुलिस द्वारा सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की गई।
बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र सख्ती
सीएसपी मयंक मिश्रा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के समय मॉडिफाई साइलेंसर से विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को गंभीर परेशानी होती है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी गैरेज में मॉडिफाई साइलेंसर न लगाए जाएं। यदि किसी वाहन चालक द्वारा गैरेज का नाम बताया गया, तो संबंधित संचालक पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही चार पहिया वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए गए। नियमों के उल्लंघन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन बिक्री पर भी नजर
पुलिस टीम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से हो रही मॉडिफाई साइलेंसर की खरीद-फरोख्त पर भी निगरानी रखे हुए है। आम नागरिकों एवं गैरेज संचालकों से अपील की गई है कि ऐसे वाहनों की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 पर दें। संभव हो तो वाहन की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
पहले ही दिन कार्रवाई
अभियान के पहले दिन सघन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने तीन दुपहिया वाहनों को मॉडिफाई साइलेंसर के साथ पकड़ा। वाहन चालकों के परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई तथा चालानी कार्रवाई की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा—
“मॉडिफाई साइलेंसर और हैवी हार्न लगे वाहन चालक स्वयं तत्काल ऐसे उपकरण हटवा लें। पुलिस चेकिंग में पकड़े जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रायगढ़ में कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”
पुलिस ने दोहराया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोबारा उल्लंघन करने वालों पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



