गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़। चांदमारी रोड पर देर रात कार से जा रही दो युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार और पीछा करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना 9 फरवरी की रात की बताई जा रही है, जब दोनों युवतियां शहर की ओर जा रही थीं।
शिकायत के अनुसार, रास्ते में एक अन्य कार में सवार युवकों ने पहले अशोभनीय टिप्पणियां कीं और फिर उनका पीछा किया। आरोप है कि आरोपियों ने रियापारा तिराहे के पास ओवरटेक कर उनकी गाड़ी के सामने वाहन खड़ा कर रास्ता रोक दिया। एक युवक ने नीचे उतरकर आपत्तिजनक हरकत की, जबकि उसके साथी भी अभद्र व्यवहार करते रहे।
पीड़िताओं की रिपोर्ट पर महिला थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा वाहन जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य चार संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की तुरंत सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



