नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र को नक्सल प्रभाव से मुक्त कर मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में नारायणपुर पुलिस ने एक और अहम कदम उठाया है। वर्ष 2026 में चौथे नए सुरक्षा एवं जनसुविधा कैंप की स्थापना थाना सोनपुर क्षेत्र के ग्राम हच्चेकोटी में की गई है। यह पहल नक्सल विरोधी अभियान के तहत की जा रही व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दूरस्थ इलाकों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देना है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीएसएफ की विभिन्न वाहिनियों ने संयुक्त रूप से इस कैंप की स्थापना की। हच्चेकोटी, जो लंबे समय से नक्सल गतिविधियों से प्रभावित और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा है, अब सुरक्षा बलों की मौजूदगी से विकास की नई उम्मीद देख रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कैंप कांदुलनार–कोरसकोड़ो–हच्चेकोटी–आदनार मार्ग पर प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य को सुरक्षा प्रदान करेगा। साथ ही आसपास के गांवों—छिंदपुर, झारावाही, आपाटोला, बिनागुंडा और खेरेगांव—तक सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य, शिक्षा और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
हच्चेकोटी जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर और थाना सोनपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है। सुरक्षा बलों का मानना है कि इस क्षेत्र में कैंप स्थापित होने से सीमावर्ती गांवों का संपर्क मजबूत होगा और स्थानीय लोगों को आवागमन व अन्य सेवाओं में सहूलियत मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 और 2026 में अबूझमाड़ के कई दूरस्थ स्थानों पर नए कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि विकास योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में भी सहायता मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय बलों के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को अबूझमाड़ क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



