गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़। ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में खड़े ट्रक से बैटरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए थाना जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई दो बैटरियां बरामद कर ली हैं। जब्त बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब 15,000 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में प्रार्थी आनंद अग्रवाल (46 वर्ष), निवासी बैकुंठपुर, थाना कोतवाली रायगढ़ ने 17 फरवरी 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका ट्रक क्रमांक CG-04-DF-8511, जिसे चालक ने 15 फरवरी की शाम मिशनरी ऑफ चैरिटी, छातामुड़ा रोड के सामने खड़ा किया था, अगले दिन सुबह बैटरी बॉक्स टूटा मिला और उसमें लगी दो बैटरियां चोरी हो चुकी थीं। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 55/2026 धारा 303(2)+3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिली कि ट्रांसपोर्टनगर निवासी ननकी निषाद उर्फ चिल्ली चोरी की बैटरी बेचने के लिए ट्रक चालकों से संपर्क कर रहा है। पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्टनगर पुलिस सहायता केंद्र के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मिथलेश महतो, निवासी तुरकुमुड़ा संतोषी मंदिर के पास, थाना जूटमिल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर मिथलेश महतो के घर से चोरी की गई दोनों बैटरियां बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ननकी निषाद उर्फ चिल्ली पेशे से ड्राइवर है। वहीं सह-आरोपी मिथलेश महतो के विरुद्ध पूर्व में हत्या, आगजनी, आबकारी एवं आर्म्स एक्ट के गंभीर प्रकरण दर्ज हैं तथा उस पर पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- ननकी निषाद उर्फ चिल्ली (38 वर्ष), निवासी सांगीतराई दीपापारा, थाना जूटमिल
- मिथलेश महतो (32 वर्ष), निवासी तुरकुमुड़ा संतोषी मंदिर के पास, थाना जूटमिल, रायगढ़
एसएसपी का सख्त संदेश
शशि मोहन सिंह ने कहा,
“संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ पुलिस ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखे हुए है।”
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक दिलदार कुरैशी तथा आरक्षक जितेश्वर चौहान और सुरेन्द्र बंशी की सराहनीय भूमिका रही।



