अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर/कोटा। बिलासपुर जिले के कोटा अनुविभाग में सराफा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बिलासपुर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के निर्देशन में कोटा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नूपुर उपाध्याय द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशानुसार थाना रतनपुर, कोटा, तखतपुर एवं बेलगहना में सराफा व्यापारियों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।

बैठक में थाना प्रभारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा:
- सभी दुकानों में हाई डेफिनिशन ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं नियमित रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश।
- कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन कराने की सलाह।
- संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने पर जोर।
- दुकानों में अग्निशमन उपकरण रखने एवं कर्मचारियों को उनके उपयोग का प्रशिक्षण देने के निर्देश।
- पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने तथा चौक-चौराहों के सीसीटीवी सिस्टम को मजबूत करने पर चर्चा।
- प्रत्येक दुकान में थाना प्रभारी व बीट अधिकारियों के मोबाइल नंबर चस्पा करने के निर्देश।
- आपात स्थिति में अलर्ट के लिए सायरन (अलार्म) सिस्टम लगाने की सलाह।
ग्राहकों से बिना मास्क/नकाब के दुकान में प्रवेश करने का अनुरोध।
प्रत्येक ग्राहक का नाम एवं मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सराफा व्यवसाय संवेदनशील श्रेणी में आता है, इसलिए सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।




