अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। साधारण परिवार से निकलकर कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और अनुशासन के बल पर संघ लोक सेवा आयोग (Union Public Service Commission) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता अर्जित कर दिव्यांशु जायसवाल ने सहायक निदेशक (Assistant Director) पद पर नियुक्ति प्राप्त कर रतनपुर नगर का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नगर के ऐतिहासिक पंडरीनाथ मंदिर परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों ने दिव्यांशु को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा पुष्पगुच्छ अर्पित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूरे समारोह में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
दिव्यांशु जायसवाल, पिता डॉ. सुनील जायसवाल, ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं और नगरवासियों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि पूरे रतनपुर की है। परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा नगरवासियों के स्नेह ने मुझे हमेशा प्रेरित किया। देश सेवा के इस नए दायित्व को मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा।”

प्रेरणा बने दिव्यांशु
दिव्यांशु की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं। नगरवासियों ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढ़ी को बड़े सपने देखने व उन्हें साकार करने का साहस देगी। उपस्थित वक्ताओं ने विश्वास जताया कि दिव्यांशु की ईमानदारी, ऊर्जा और कार्यकुशलता राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
सम्मान समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप, नपा उपाध्यक्ष बिनु निराला, पार्षद सुनील अग्रवाल, पार्षद पुष्प कांत कश्यप, डॉ. सुनील जायसवाल (पिता), सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र सोनी, मुकेश श्रीवास्तव, पंडित आनंद नगरकर, अनिल शर्मा, महंत दिव्यांकित दास, वरिष्ठ नागरिक रुद्र गुप्ता, किशन तंबोली, बलदाऊ सोनी, मनोहर चदेल, आनंद पाठक, दिनेश पांडे, डॉ. राजू श्रीवास्तव, पवन विश्वकर्मा, अभिनय तिवारी, अजय दुबे, विमल सोनी,शिवानी सोनी, अंजनी यादव, सुनीता सोनी, स्वीटी शर्मा, राजकुमारी बिसेन, वर्षा श्रीवास्तव और उषा चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिव्यांशु को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नगरवासियों ने आशा व्यक्त की कि दिव्यांशु जैसी प्रतिभाएं रतनपुर को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ देश सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।



