सुरेश सोनी की रिपोर्ट:-
नारायणपुर। बस्तर अंचल के नारायणपुर में प्राचीन पौराणिक और सांस्कृतिक परंपरा के तहत इस वर्ष भी पूज्य होलिका दहन का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। यह आयोजन 02 फरवरी 2026 को बुधवारी बाजार चौक में संपन्न होगा, जहां हर वर्ष की तरह बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी शामिल होंगे।
परंपरा के अनुसार देव समिति के साथ संयुक्त रूप से जगदीश कला मंदिर द्वारा होलिका दहन पूजन की संपूर्ण व्यवस्था की जाती है। होली के लिए लकड़ियों की व्यवस्था भी जगदीश कला मंदिर के नेतृत्व में की जाती है, जिसमें सातपारा के युवा पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेते हैं। इस कार्य में नगर के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन भी निरंतर बना रहता है।
होलिका दहन के अवसर पर नगर के हृदय स्थल स्थित जगदीश कला मंदिर में रात 9 बजे से मनमोहक फाग गीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान जगन्नाथ जी को पालकी में विराजित कर श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और फाग गीतों के साथ नगर भ्रमण कराते हैं।
यह भव्य शोभायात्रा पूरे नगर का भ्रमण करते हुए अंत में बुधवारी बाजार चौक स्थित होलिका दहन स्थल पहुंचती है। यहां सातपारा के लोग विधि-विधान के साथ होलिका दहन कर होली पर्व की पारंपरिक शुरुआत करते हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी इस आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।



