गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़ : रायगढ़ जिले में होली पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” चलाया जा रहा है। शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बीते 48 घंटों के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 158 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब, देशी-विदेशी मदिरा की बड़ी मात्रा तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत हजारों रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई के तहत थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम कुडुमकेला में छापेमारी कर आरोपी रियाकत अली (44 वर्ष) को 42 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम जामगांव रेलवे फाटक के पास मोटरसाइकिल में अवैध शराब ले जाते हुए मुकेश सतनामी और जितेंद्र यादव को पकड़कर उनके कब्जे से 50 नग देशी मदिरा और मोटरसाइकिल जब्त की।

इसी क्रम में ग्राम छिरवानी में की गई कार्रवाई में आरोपिया सुशीला बरेठ से 11 लीटर महुआ शराब तथा आरोपी राकेश कुमार राठिया से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। थाना जुटमिल पुलिस ने अलग-अलग मामलों में परमेश्वर लहरे उर्फ रवि और रोहन दत्ता को देशी-विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।
थाना तमनार पुलिस ने ग्राम प्रेमनगर में आरोपी हरिराम चौहान से 22.5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जबकि थाना पुसौर पुलिस ने ग्राम बरपाली में कैलाश मराठा के कब्जे से 6 लीटर महुआ शराब जब्त कर कार्रवाई की। वहीं कोतवाली पुलिस ने टिकरापारा क्षेत्र में सुशीला उरांव से 8 लीटर महुआ शराब तथा गंधरी पुलिया के पास विनोद सारथी से 20 नग देशी मदिरा जब्त कर गिरफ्तार किया।
इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय सहित खरसिया, पुसौर और छाल क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले 16 व्यक्तियों के विरुद्ध भी धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि होली पर्व के दौरान अवैध शराब और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जा सके।



