कई वर्षों से पढ़ाई छोड़ चुकी महिलाओं ने अब एक नई शुरुआत करते हुए समाज के लिए प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। चारामा ब्लॉक के चारामा, गोलकुम्हड़ा, खरथा, सिरसिदा, किशनपुरी, मायाना, बागडोंगरी, चपेली सल्हेटोला, कुरुटोला, डेढ़ कोहका, मचांदुर और परसोदा गांवों की लगभग 184 महिलाएं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से 10वीं ओपन बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रही हैं।
इन महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि यदि मन में इच्छा और लगन हो, तो किसी भी उम्र में शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। पढ़ाई के मुख्यधारा से जुड़कर ये महिलाएं न केवल अपने जीवन को संवार रही हैं, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित कर रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि शिक्षा न केवल बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है, बल्कि दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को समझने और पूरा करने के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। चारामा की इन महिलाओं का यह प्रयास समाज में शिक्षा के महत्व को उजागर कर रहा है और एक सकारात्मक संदेश दे रहा है।



