बीजापुर। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना पामेड़ और गंगालूर क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए अलग-अलग सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन माओवादी डंप बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में कुल 136 नग BGL सेल, करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित बड़ी मात्रा में माओवादी सामग्री शामिल है।
पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल-सिंगमपल्ली के जंगलों में खुफिया सूचना के आधार पर डीआरजी, कोबरा 208 बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्चिंग के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध स्थान की पहचान की गई, जहां नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद हुआ। यहां से 103 नग BGL सेल सहित अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
इसी तरह थाना गंगालूर क्षेत्र में FOB कुप्पागुड़ा के लेकामपारा जंगल में केरिपु 199, कोबरा 204 बटालियन और डॉग स्क्वाड K-9 वेस्पा की संयुक्त टीम ने सर्चिंग की। इस दौरान दो अलग-अलग माओवादी डंप बरामद किए गए। यहां से 33 नग BGL सेल और करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों क्षेत्रों में कार्रवाई खुफिया आसूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के तहत की गई। बरामद BGL सेल, कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री के संबंध में थाना पामेड़ एवं थाना गंगालूर में अलग-अलग आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संदिग्ध वस्तु मिलने पर पुलिस को दें सूचना
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे बिल्कुल न छुएं और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। ऐसी किसी भी वस्तु की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को देने की अपील की गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन के साथ-साथ शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए सर्चिंग एवं डीमाइनिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।







