अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर | थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राहगीरों को रोककर चाकू से हमला करने और वाहनों पर पत्थरबाजी करने वाले कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
घटनाओं का विवरण
पहली घटना में प्रार्थी सुमित कुमार रजवाड़े (36 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम कोरबाभांवर जा रहे थे। इसी दौरान जूनाशहर बाईपास रोड के पास 4 युवकों ने पल्सर बाइक से आकर उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। इंकार करने पर गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और मारपीट की गई। इस मामले में थाना रतनपुर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दूसरी घटना में प्रार्थी राहुल सिदार (22 वर्ष) ने बताया कि 29 मार्च की रात करीब 9:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। जूनाशहर-लखनी देवी मंदिर मार्ग पर 4 युवकों ने उन्हें रोक लिया और पैसे की मांग की।
मना करने पर आरोपियों ने मारपीट की और एक युवक अजय ध्रुव पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में भी गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी
मनीष मरावी (21 वर्ष), निवासी अमतरा, थाना कोनी
विक्रम मरावी (20 वर्ष), निवासी जूनाशहर, थाना रतनपुर
दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, 2 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पत्थरबाजी करने वाले भी चढ़े पुलिस के हत्थे
रतनपुर-कोटा मार्ग पर वाहनों पर पत्थरबाजी की शिकायत पर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए:
सिद्धार्थ धुर्व्रे (20 वर्ष)
उमेन्द्र सिंह (25 वर्ष)
दोनों निवासी जूनाशहर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 170 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में निरीक्षक नीलेश कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उप निरीक्षक दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह तथा आरक्षक गोविंदा जायसवाल, धीरज कश्यप और संजय यादव की अहम भूमिका रही।
कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





