नगर पालिका अध्यक्ष बोले– हर आवेदन पर गंभीरता से हो रही कार्रवाई, लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में पेयजल, सड़क, बिजली, सफाई, पेंशन, आवास, राशन कार्ड सहित अनेक जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।
शिविर के दौरान जहां प्रशासन ने इसे जनता और शासन के बीच सीधा संवाद बताया, वहीं कई पार्षदों ने प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। पार्षदों का कहना था कि केवल आवेदन लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित होना चाहिए।
शिविर में उपस्थित एसडीएम पैकरा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य लोगों को कार्यालयों के चक्कर से राहत देना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों का विश्वास शासन-प्रशासन पर बना रहे।
नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नगरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन एवं नगर पालिका लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वार्ड 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल ने शिविर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “यह सुशासन तिहार केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जनता की समस्याओं का वास्तविक निराकरण होना जरूरी है। यदि आवेदन केवल जमा करने तक ही सीमित रहेंगे तो आम लोगों का भरोसा टूटेगा।” उन्होंने प्रशासन से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की मांग की।
वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद हकीम मोहम्मद ने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी उम्मीद लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि हर आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग हो और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने नगर की मूलभूत समस्याओं जैसे नाली, सड़क, पानी एवं सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में महिला, बुजुर्ग एवं युवा वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के शिविरों से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचेगा।




