अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही डीजल लूटपाट और चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, नगदी रकम एवं 74 लीटर डीजल बरामद किया है।
यह कार्रवाई थाना सिरगिट्टी एवं थाना कोनी पुलिस द्वारा ए.सी.सी.यू. टीम के सहयोग से की गई।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 368/2026 तथा थाना कोनी में अपराध क्रमांक 264/2026 एवं 119/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
संजय कुमार कुर्रे (30 वर्ष) निवासी ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा
मणीशंकर कुर्रे (24 वर्ष) निवासी ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा
अमित भारद्वाज (29 वर्ष) निवासी ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात्रि के समय स्कार्पियो एवं रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से हाईवे क्षेत्रों में घूमते थे और सड़क किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाते थे। आरोपी ट्रकों की डीजल टंकी तोड़कर ड्रम में डीजल भर लेते थे और विरोध करने पर मारपीट भी करते थे।
दिनांक 18 मई 2026 को बेवरेज कॉर्पोरेशन सिरगिट्टी के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की थी। वहीं 24 मई 2026 को थाना कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 से लगभग 100 लीटर डीजल लूटकर फरार हो गए थे। इसके अलावा 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी की घटना को भी इन्हीं आरोपियों द्वारा अंजाम दिया गया था।
तकनीकी जांच और सीसीटीवी से मिली सफलता
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं पूर्व घटनाओं का विश्लेषण कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर बिलासपुर सहित बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर एवं कोनी हाईवे क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
जप्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से –
घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन
रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन
एक धारदार चाकू
कुल 2600 रुपये नगद
74 लीटर डीजल
बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पूरे सिंडिकेट को जल्द ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।



