अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में अवैध हथियार लहराकर राहगीरों, महिलाओं एवं बच्चों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार एवं एक चापड़ बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिलेभर में असामाजिक तत्वों एवं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस को 27 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक मेन रोड पर हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं और गाली-गलौज कर माहौल खराब कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना सरकंडा पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम पिता मोहम्मद मंसूर अंसारी, उम्र 21 वर्ष, निवासी चांटीडीह रामायण चौक, सरकंडा।
राजा ठाकुर पिता स्व. रामनिहोर, उम्र 24 वर्ष, निवासी सूर्या चौक चिंगराजपारा, सरकंडा।
पुलिस के अनुसार पहला आरोपी रामायण चौक के पास हाथ में लोहे की धारदार तलवार लेकर राहगीरों, महिलाओं एवं बच्चों को डराते हुए गाली-गलौज कर रहा था। वहीं दूसरा आरोपी पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास मेन रोड पर चापड़ लहराकर लोगों में दहशत फैला रहा था।
दोनों मामलों में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से अवैध हथियार जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक विदेशीराम साहू, शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक रंतिज खांडे, वीरेन्द्र साहू, विवेक राय एवं संजीव जांगड़े की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



