अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में मारपीट और गाली-गलौज के मामले में तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है।
मोड़ते समय वाहन को लेकर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनुराग कश्यप ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 अगस्त 2026 की रात वह अपने घर जाने के लिए वाहन मोड़ रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा
विवेचना के दौरान तारबाहर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. ओम गरुड़ (20 वर्ष), पिता किशोर गरुड़, निवासी विद्या नगर, चंदन पैलेस, थाना तारबाहर, जिला बिलासपुर।
2. विशु श्रीवास (24 वर्ष), पिता राजकुमार श्रीवास, निवासी अशोक नगर चौक, सरकंडा, बिलासपुर।
तारबाहर पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।




