अमित दुबे की रिपोर्ट:-
बिलासपुर। गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए और पिस्टल जैसी वस्तु का प्रदर्शन कर वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई की है। इस संबंध में शिकायत मिलने और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए नियमानुसार बाउंड ओवर की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें एक महिला और उसके महिला एवं पुरुष सहयोगियों को गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते तथा पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु हाथ में लेकर वीडियो बनाते हुए देखा गया। शिकायतकर्ता ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया कि संबंधित वीडियो गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से तैयार कर इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर प्रसारित किया गया था। शिकायतकर्ता ने वीडियो में धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों के कथित आपत्तिजनक इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए आशंका व्यक्त की कि इस तरह की सामग्री से युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ सकता है तथा सामाजिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज, 9 आरोपी गिरफ्तार
मामले में प्राप्त लिखित शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026, धारा 196, 299 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस ने इस प्रकरण में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है, जिसके तहत उन्हें भविष्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंड ओवर कराया जा रहा है।
बिलासपुर पुलिस की चेतावनी—धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों का दुरुपयोग न करें
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक प्रतीकों का उपयोग प्रचार-प्रसार या मनोरंजन के नाम पर इस तरह नहीं किया जाना चाहिए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और प्रचार हासिल करने के लिए धार्मिक प्रतीकों का आपत्तिजनक प्रदर्शन करने, अशोभनीय सामग्री प्रसारित करने अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का अनुचित प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील
बिलासपुर पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री को बिना सत्यापन के आगे प्रसारित न करें।
नोट: मामले में आरोपों की जांच पुलिस विवेचना के तहत जारी है। आरोपियों के दोष के संबंध में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।




