दंतेवाड़ा। गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर गो सम्मान आवाहन अभियान के तहत 17 दिसंबर को रायपुर चलो का आह्वान किया गया है। अभियान से जुड़े लोगों ने गांव-गांव जनसंपर्क कर हस्ताक्षर अभियान चलाने और बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचकर अपनी मांग रखने का संकल्प लिया है।
अभियान के तहत 170 ग्राम पंचायतों से करीब 6 हजार लोगों को रायपुर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही गांव-गांव में 2100 हस्ताक्षर अभियान का संकल्प भी लिया गया है, ताकि गौ संरक्षण से जुड़े इस अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा सके।
आयोजकों के अनुसार, 17 दिसंबर को रायपुर में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के साथ पैदल यात्रा और सामूहिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने और गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने की मांग को सरकार तक पहुंचाना है।

अभियान के अंतर्गत लगभग 31 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ एक प्रार्थना पत्र रायपुर में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को सौंपने की बात कही गई है। इस संबंध में नंदीश्वर महाराज ने अभियान की जानकारी देते हुए लोगों से इसमें भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इसी कड़ी में दंतेवाड़ा में भी लोगों को अभियान का निमंत्रण दिया गया। आयोजकों ने गांव-गांव तक संदेश पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को 17 दिसंबर को रायपुर पहुंचने और गौ सम्मान की मांग के समर्थन में सहभागी बनने की अपील की है।




