अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – कोरिया जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 के पात्र परिवारों को पक्के मकान की स्वीकृति देने का काम तेजी से चल रहा है। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव पात्रता सत्यापन और स्वीकृति की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रही हैं। उनके निर्देश पर मैदानी टीमें हितग्राहियों का सत्यापन कर आवश्यक दस्तावेज पूरे कर रही हैं। जिले में अब तक 1,132 हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति आदेश जारी किए जा चुके हैं।
वित्तीय वर्ष 2026–27 में जिले के 3,581 चिन्हित परिवारों को आवास की स्वीकृति देने का लक्ष्य है। इनमें बैकुंठपुर जनपद पंचायत के 2,695 और सोनहत जनपद पंचायत के 886 परिवार शामिल हैं।
आठ बिंदुओं पर डिजिटल सत्यापन के बाद मिल रही स्वीकृति
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास ने बताया कि चिन्हित परिवारों की पात्रता की जांच आठ बिंदुओं पर डिजिटल माध्यम से की जा रही है। इसमें आवास स्थल का भू-अंकन, जॉब कार्ड का सत्यापन, बैंक खाते से आधार जुड़ा होने की जांच और पूर्व में शासकीय योजनाओं से मिले लाभों का मिलान शामिल है। हितग्राही की डिजिटल पहचान का सत्यापन कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से भी किया जा रहा है। पात्रता की पुष्टि और दस्तावेजों की जांच के बाद आवास निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा रही है।
श्री श्रीवास ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार अगले एक पखवाड़े में शेष परिवारों का सत्यापन पूरा कर सभी पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश जारी करने की तैयारी है।







