अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। शारदीय नवरात्रि की भक्ति और उमंग के बीच रतनपुरवासियों के लिए एक बार फिर उत्साह और मनोरंजन का शानदार अवसर आने वाला है। 12 और 13 अक्टूबर को शहर के न्यू बस स्टैंड में रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत और डांडिया की खनक के साथ आयोजित होने जा रही है ‘डिस्को डांडिया नाइट’। इस आयोजन को लेकर शहरवासियों, युवाओं और गरबा प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नवरात्रि की रात जब ढोल की थाप और संगीत की धुन पर डांडिया की छड़ियां टकराएंगी, तो न्यू बस स्टैंड का पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा। आयोजन स्थल पर आकर्षक मंच और रंगीन रोशनी के साथ ऐसा माहौल तैयार किया जाएगा, जहां लोग गरबा और डांडिया की मस्ती में जमकर झूम सकेंगे।
लाइव सिंगिंग और ढोल की थाप बनेगी खास आकर्षण
‘डिस्को डांडिया नाइट’ में लाइव सिंगिंग, धमाकेदार संगीत और पारंपरिक ढोल की थाप आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी। नवरात्रि के पारंपरिक रंगों के साथ आधुनिक संगीत का संगम कार्यक्रम को और भी खास बनाएगा।
आयोजन में शहर के युवाओं के साथ परिवारों और डांडिया प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागी जब डांडिया की ताल पर कदम मिलाएंगे, तो न्यू बस स्टैंड का नजारा किसी बड़े उत्सवी मंच से कम नहीं होगा।
दो रात मनोरंजन और उत्साह का रहेगा माहौल
12 और 13 अक्टूबर की दोनों शामें रतनपुर के लिए खास रहने वाली हैं। नवरात्रि की उमंग, गरबा की लय, डांडिया की खनक, लाइव सिंगिंग और ढोल की थाप के साथ शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा।
आयोजकों को उम्मीद है कि ‘डिस्को डांडिया नाइट’ इस बार भी रतनपुरवासियों के लिए नवरात्रि का यादगार आयोजन साबित होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और लोगों में कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार है।




